खतौनी में नाम सुधार के नाम पर रिश्वत का आरोप, लेखपाल पर 12 हजार की मांग का वीडियो वायरल
10 हजार लेने के बाद भी काम नहीं, पीड़िता ने एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार
(राज्य का भविष्य जिला संवाददाता मसीहुद्दीन चौधरी)
बांसी (सिद्धार्थनगर):
सिद्धार्थनगर। जनपद के बांसी तहसील क्षेत्र में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कमहिया, पोस्ट लहरा निवासी जुबेदा खातून ने महिला लेखपाल सुधा राजपूत पर खतौनी में नाम सही कराने के नाम पर रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार, लेखपाल द्वारा पहले 10 हजार रुपये की मांग की गई, जिसे उसने किसी तरह व्यवस्था कर देकर अपना काम कराने की उम्मीद की। लेकिन आरोप है कि पैसा लेने के बाद भी नाम संशोधन का कार्य नहीं किया गया। इतना ही नहीं, अब अतिरिक्त 2 हजार रुपये की और मांग की जा रही है।
जुबेदा खातून ने बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और वह अब और पैसे देने में असमर्थ है। पीड़िता ने पूरे मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है, जिससे मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
न्याय की आस में पीड़िता ने उपजिलाधिकारी बांसी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या रुख अपनाता है और दोषी के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।