हरदासचक खगड़िया में बाबा साहेब की भव्य जयंती समारोह हर्षोल्लासपूर्ण संपन्न -बाबा साहेब आधुनिक भारत के सच्चे शिल्पकार
AIMA Media News // खगड़िया ।
नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी हरदासचक–संसारपुर चौक स्थित अंबेडकर चौक पर मंगलवार की रात्रि भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती जनउत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया गया। आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों का अंगवस्त्र, माला एवं बुके देकर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक बालकिशोर पासवान ने की।
संसारपुर में बनेगा भव्य अंबेडकर भवन-अर्चना कुमारी :
_________________________________________________
मुख्य अतिथि नगर सभापति अर्चना कुमारी ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि बाबा साहेब की जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समता और मानवीय गरिमा के मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर है। उन्होंने अभिभावकों से बेटा-बेटी को समान शिक्षा देने, समाज में एकता एवं भाईचारा बनाए रखने तथा सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब द्वारा दिए गए संवैधानिक अधिकारों के कारण ही आज वंचित समाज आगे बढ़ पा रहा है। स्वयं को महादलित समाज की बेटी बताते हुए उन्होंने इसे बाबा साहेब की देन बताया। इस अवसर पर उन्होंने संसारपुर स्थित सरकारी खाली जमीन पर भव्य अंबेडकर भवन निर्माण कराने का आश्वासन दिया।
बाबा साहेब आधुनिक भारत के सच्चे शिल्पकार थे- शास्त्री :
____________________________________________________
विशिष्ट अतिथि आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने बाबा साहेब के संघर्षपूर्ण जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे वास्तव में आधुनिक भारत के शिल्पकार थे। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को समता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान किया। उनका जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और सत्य के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने समाज से बाबा साहेब के विचारों को अपनाकर एक समतामूलक और जागरूक समाज के निर्माण का आह्वान किया।
उपस्थिति :
__________
समारोह में लोजपा नेता रतन पासवान, शीलकमल पासवान, पूर्व सीओ सत्यनारायण पासवान, डॉ. पुरातन गांधी सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। अंत में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मौके पर हीरालाल पासवान, अरुण पासवान, जयसूर्या कुमार, भाजपा नेता सुनील साह, राकेश कुमार, श्याम कुमार पासवान, रतन कुमार, सुरेंद्र पासवान, मुरारी पासवान, राजन कुमार राज, अमरीश, पिंटू कुमार, मुरारी सिंह, जितेंद्र एवं उपेंद्र पासवान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।