जनगणना-2027 की तैयारी तेज, डीएम ने प्रशिक्षण का किया औचक निरीक्षण
शाहजहांपुर।
जनगणना-2027 के पहले चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” को सफल बनाने के लिए जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों ने इसकी मॉनिटरिंग भी शुरू कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने कैंट स्थित नालंदा विद्यालय पहुंचकर प्रशिक्षण का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जनपद के सभी जनगणना चार्ज—नगर निगम, तहसील, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत और छावनी परिषद—में प्रगणकों व पर्यवेक्षकों के पहले बैच का प्रशिक्षण सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक कराया गया। प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए उप जिलाधिकारी, जनगणना चार्ज अधिकारी, अपर नगर आयुक्त, तहसीलदार और नायब तहसीलदार की ड्यूटी विभिन्न केंद्रों पर लगाई गई है। अधिकारी लगातार प्रशिक्षण स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि शासन के मानकों का पालन सुनिश्चित हो सके।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी की अध्यक्षता में प्रशिक्षण सत्र आयोजित हुआ। उन्होंने दून इंटरनेशनल स्कूल और रियान जीआईसी स्कूल में चल रहे प्रशिक्षण का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नालंदा विद्यालय में निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कार्मिकों से संवाद किया और प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर फीडबैक लिया। उन्होंने प्रशिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण को अधिक व्यवहारिक और विस्तृत बनाया जाए, जिससे कर्मचारी फील्ड में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
डीएम ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद मूल्यांकन परीक्षा भी कराई जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी प्रतिभागियों ने आवश्यक जानकारी सही तरीके से प्राप्त की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना-2027 का पहला चरण पूरी सटीकता, पारदर्शिता और दक्षता के साथ संपन्न कराया जाएगा।
प्रशासन ने प्रशिक्षण की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को विभिन्न तहसीलों में नोडल पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। यह अधिकारी 15 से 25 अप्रैल तक चलने वाले तीनों बैचों के प्रशिक्षण पर नजर रखेंगे। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि सूचना के बावजूद यदि कोई प्रगणक या पर्यवेक्षक प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहता है, तो उसके खिलाफ जनगणना अधिनियम-1948 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस सक्रियता से साफ है कि इस बार जनगणना कार्य को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।