राजकीय महाविद्यालय ने किया नारी शक्ति वंदना अधिनियम पदयात्रा का आयोजन
मीडिया प्रभारी; देव ठाकुर
बदायूं | आवास विकास स्थित राजकीय महाविद्यालय, में बुधवार को मिशन शक्ति एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 को प्रचारित करने के लिए पदयात्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ ज्योति बिश्नोई, डॉ सतीश सिंह यादव और डॉ संजय कुमार के नेतृत्व में नारी शक्ति पद यात्रा को महाविद्यालय की प्राचार्य लेफ्टिनेंट डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। पदयात्रा महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर आवास विकास क्षेत्र का भ्रमण करते हुए वापस महाविद्यालय आकर सेमिनार हाल में संगोष्ठी के रूप में परिवर्तित हो गई। रैली के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण, सम्मान एवं अधिकारों संबंधी संदेशों का प्रसार किया। संगोष्ठी में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। व्याख्यान क्रम में छात्रा लाईबा, अनम, पूर्णिमा तोमर, शिवानी, खुशबू, हिना पाल, पायल, मुस्कान श्रीवास्तव, आकांक्षा, मंजू मौर्य आदि ने नारी शक्ति, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समानता पर अपने विचार प्रभावी रूप से प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने नारी को परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण की प्रमुख धुरी बताते हुए सकारात्मक सोच विकसित करने पर बल दिया।
डॉ. सतीश सिंह यादव ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2030 को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया । उन्होंनेकहा कि जब समाज में नारियां सशक्त होंगी, तभी समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने आर्थिक, शैक्षिक और सामाजिक स्तर पर महिलाओं को अधिक अवसर और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसी क्रम में डॉ. संजय कुमार ने भारतीय इतिहास के संदर्भों के माध्यम से नारी की गौरवपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने प्रशासन, शासन और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ती महिला भागीदारी को उनके सशक्तिकरण का सशक्त आधार बताया।
कार्यक्रम का सफल संचालन मिशन शक्ति एवं राष्ट्रीय सेवा योजना रानी लक्ष्मीबाई इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ज्योति बिश्नोई द्वारा किया गया।उन्होंने नारी सम्मान एवं सुरक्षा के लिए युवाओं की जागरूक भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी छात्र-छात्राओं एवं प्राध्यापकों के प्रति आभार व्यक्त किया। संवाद