शाहजहांपुर: थाना कटरा का एसपी ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
शाहजहांपुर में पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को थाना कटरा का औचक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, बैरक, शौचालय और पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद एसपी ने कार्यालय अभिलेखों की जांच की। उन्होंने अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, जीडी, बीट बुक और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड का निरीक्षण करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए। अपराध नियंत्रण को लेकर भी प्रभावी कार्रवाई पर जोर दिया गया।
महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए एसपी ने महिला पुलिसकर्मियों से बातचीत की और महिलाओं से जुड़ी शिकायतों को संवेदनशीलता, प्राथमिकता और गोपनीयता के साथ निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया।
सीसीटीएनएस कक्ष में ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट और डेटा फीडिंग की स्थिति की समीक्षा करते हुए लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई। मालखाना और शस्त्रागार का निरीक्षण कर सामान के सुरक्षित रख-रखाव और शस्त्रों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। बंदीगृह का भी निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था देखी गई।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, रात्रि गश्त, बैंक और संवेदनशील स्थानों की चेकिंग तथा बीट पुलिसिंग की समीक्षा की। बीट प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और स्थानीय लोगों से संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, समयपालन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ ड्यूटी करने तथा आमजन के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने की नसीहत दी। साथ ही थाने पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे और लोगों में सुरक्षा की भावना कायम रहे।