जय श्री राम' बोलिए, डिस्काउंट पाइए:
एक सीनियर इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट ने अपने मरीज़ों के लिए यह ऑफर निकाला है। हालांकि डॉक्टर के इस ऑफर ने बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले नया विवाद खड़ा कर दिया है। जहां एक तरफ इतने सीनियर डॉक्टर के इस अनोखे कदम की बड़े मेडिकल समुदाय ने निंदा की है, वहीं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) बंगाल ने डॉक्टर को नोटिस जारी करके स्पष्टीकरण मांगा है। IMA ने इस ऑफर को मेडिकल नैतिकता और पेशेवर आचरण के खिलाफ बताया है। बंगाल के यह डॉक्टर हैं कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. पीके हाजरा। अपने ऑफर के बारे में बताते हुए डॉ. हाज़रा ने बताया कि यह पहल उनका अपना निजी विचार था और इसका मकसद राज्य की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में बदलाव को बढ़ावा देना था। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि पश्चिम बंगाल के कई मरीज़ इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं, और कहा कि वह स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवा मानकों को बढ़ावा देना चाहते हैं।