₹49 लाख की बिजनेस क्लास टिकट, फिर भी फ्लाइट में चढ़ने नहीं दिया; जानिए क्यों बेंगलुरु एयरपोर्ट पर परिवार के 8 लोगों को नहीं मिली बोर्डिंग?
₹49 लाख खर्च कर बिजनेस क्लास टिकट लेने के बावजूद तमिलनाडु के सलेम के रहने वाले
J. S. Satishkumar
और उनके परिवार के 7 सदस्यों को Kempegowda International Airport पर फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया गया। परिवार ने KLM Royal Dutch Airlines की 8 टिकटें पेरू यात्रा के लिए बुक की थीं और सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली थीं, लेकिन ऐन वक्त पर एयरलाइन ने यह कहकर बोर्डिंग से मना कर दिया कि उनके पास पेरू का वीजा नहीं है।
इस फैसले पर विवाद तब बढ़ गया जब सतीशकुमार ने दावा किया कि भारतीय यात्रियों को अगर अमेरिका, यूके, ऑस्ट्रेलिया या शेंगेन देशों का वैध वीजा है, तो पेरू जाने के लिए अलग वीजा की जरूरत नहीं होती। यानी उनका कहना है कि एयरलाइन ने नियमों की गलत व्याख्या की, जबकि एयरलाइन अपने निर्णय को अंतरराष्ट्रीय यात्रा नियमों के अनुसार सही ठहरा रही है।
घटना के बाद मामला अदालत तक पहुंच गया, जहां कर्नाटक कोर्ट ने इसे गंभीर मानते हुए KLM Royal Dutch Airlines के अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें “Red Flag” कर दिया गया, जिसके कारण बाद में सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में उनकी यात्रा के दौरान अतिरिक्त पूछताछ और परेशानी का सामना करना पड़ा।
“Red Flag” का मतलब होता है किसी यात्री की प्रोफाइल पर अलर्ट लग जाना, जिससे भविष्य की यात्राओं में उसे संदिग्ध मानकर बार-बार जांच की जाती है। अब यह पूरा मामला कोर्ट में है, जहां यह तय होगा कि गलती एयरलाइन की थी या यात्रियों के दस्तावेज़ों में कमी थी।