अखिल भारतीय हल्बा हल्बी आदिवासी समाज 32 गढ़ महासभा का शपथ ग्रहण समारोह बासला (भानुप्रतापपुर) में संपन्न
भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के ग्राम बासला में अखिल भारतीय हल्बा हल्बी आदिवासी समाज के 32 गढ़ महासभा का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर समाज को नई दिशा, दशा एवं गति देने के उद्देश्य से नवगठित केंद्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने विधिवत शपथ ग्रहण किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मंगतू राम पवार तथा 32 गढ़ महासभा के अध्यक्ष श्री बिरेंद्र चनाप जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
अपने संबोधन में उन्होंने सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्रों के साथ-साथ रोजगार के अवसरों को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के लोग आपसी सम्मान, सहयोग एवं भाईचारे की भावना के साथ संगठित रहकर समाज को मुख्यधारा में आगे बढ़ाने का कार्य करें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हल्बा समाज एकजुट, संकल्पित एवं अपने नियमों के प्रति अडिग रहकर निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर होगा।
इस शपथ ग्रहण समारोह में हजारों की संख्या में समाज के गढ़ प्रमुख, विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारी एवं भानुप्रतापपुर क्षेत्र के सगा-बिरादर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।