logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पंच गौरव से मिला प्रोत्साहन तो हासिल किया मुकाम 

पंच गौरव से मिला प्रोत्साहन तो हासिल किया मुकाम 

राजसमंद बालिका हॉकी टीम को राज्य स्तर पर तृतीय स्थान

एक जिला-एक खेल के रूप में चयनित है हॉकी

राजसमंद, 15 अप्रैल। राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में राजसमंद की बालिका हॉकी टीम द्वारा तृतीय स्थान प्राप्त करने पर जिले में हर्ष का वातावरण है। जिला प्रशासन एवं खेल प्रेमियों ने टीम की इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यह सफलता राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों से संचालित पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत “एक जिला एक खेल—हॉकी” अभियान का सकारात्मक परिणाम मानी जा रही है।

जिला कलक्टर श्री अरुण कुमार हसीजा के निर्देशन में जिले में हॉकी खेल को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से सुनियोजित प्रयास किए गए। जिला खेल अधिकारी धर्मदेव सिंह ने बताया कि जिले की प्रत्येक तहसील में टैलेंट सर्च कार्यक्रम आयोजित कर प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान की गई। चयनित खिलाड़ियों को प्रारंभिक रूप से सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविरों में प्रशिक्षित किया गया, जिसके पश्चात श्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें जिला स्तर पर उन्नत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

7 मार्च से 27 मार्च तक भाणा स्टेडियम स्थित एस्ट्रो टर्फ मैदान पर 21 दिवसीय जिला स्तरीय हॉकी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित एवं ओलंपियन प्रशिक्षक श्री अशोक ध्यानचंद तथा पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्री दलजिंदर सिंह के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया गया। शिविर के दौरान खिलाड़ियों को खेल की बारीकियों, तकनीकी कौशल एवं प्रतिस्पर्धात्मक रणनीतियों से अवगत कराया गया, जिससे उनके प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।

प्रशिक्षण शिविर के दौरान जिला प्रशासन द्वारा खिलाड़ियों के लिए आवास, खानपान, खेल सामग्री एवं खेल किट सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे खिलाड़ी पूरी एकाग्रता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर सके। इस समर्पित प्रयास का परिणाम अब राज्य स्तर की प्रतियोगिता में टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन के रूप में सामने आया है।

लंबे समय के अंतराल के बाद राजसमंद द्वारा राज्य स्तर पर पदक प्राप्त करने से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए गौरव का विषय है, बल्कि आने वाले समय में हॉकी खेल के प्रति युवाओं की रुचि को भी बढ़ावा देगी। जिला प्रशासन ने आशा व्यक्त की है कि भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रयासों से राजसमंद जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करेंगे।


--
सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय,
राजसमंद-313324

1
47 views

Comment