हरिद्वार के बी.एच.ई.एल. खेल मैदान पर पिछले ढाई महीने से चल रहे क्रिकेट के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 'बी.एच.ई.एल. कैनवास प्रीमियर कप 2026' का समापन हुआ
हरिद्वार से रोहित वर्मा की रिपोर्ट -
बी.एच.ई.एल. (BHEL) हरिद्वार के खेल मैदान पर पिछले ढाई महीने से चल रहे क्रिकेट के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 'बी.एच.ई.एल. कैनवास प्रीमियर कप 2026' का आज शानदार समापन हुआ। 1 फरवरी से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में कुल 9 टीमों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने राउंड रॉबिन और प्लेऑफ प्रारूप के तहत कड़ी प्रतिस्पर्धा पेश की।
खिताबी मुकाबले में क्रेजी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 161 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पार्टन टीम क्रेजी टीम की सटीक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 14.5 ओवरों में 139 रन पर सिमट गई। इस तरह क्रेजी टीम ने 22 रनों से जीत दर्ज कर चैंपियनशिप अपने नाम की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्री विनीत कुमार (वरिष्ठ प्रबंधक, मानव संसाधन, भेल हरिद्वार) ने विजेता टीम को चमचमाती ट्रॉफी सौंपी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, "ऐसे आयोजन न केवल शारीरिक फिटनेस बढ़ाते हैं, बल्कि कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय और खेल भावना को भी मजबूत करते हैं।"
समारोह में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने वाले विशिष्ट अतिथियों में श्री आलोक शर्मा, श्री सुखदेव ढींडसा (नेहरू युवा केंद्र), श्री हेरम साहू (भेल हॉस्पिटल), श्री दीपचंद (वरिष्ठ प्रबंधक, DTG), श्री दीपेंद्र मोहन कोटिया (वरिष्ठ प्रबंधक, FCX) और एडवोकेट मनोज चौहान शामिल रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और पुरस्कार वितरित किए।
टूर्नामेंट के समापन समारोह का मुख्य आकर्षण खिलाड़ियों को उनकी व्यक्तिगत उपलब्धियों के लिए दिए गए विशेष नकद पुरस्कार (Cash Prizes) रहे। आयोजन समिति ने खेल के हर क्षेत्र—बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण—में उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए 'चौधरी प्रवीण रोड़' की ओर से विशेष नकद इनामों की घोषणा की थी, जिसने पूरी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में भारी उत्साह बनाए रखा।
व्यक्तिगत प्रदर्शन की श्रेणी में गौरव चौहान (सिम्मी) को उनके बेजोड़ ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' के खिताब से नवाजा गया। बी.एच.ई.एल. की ओर से प्रवीण कुमार को 'बेस्ट प्लेयर' घोषित किया गया। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में सबसे प्रभावशाली बल्लेबाजी के लिए दीपू को 'बेस्ट बैटर' और अपनी धारदार गेंदबाजी से बल्लेबाजों को छकाने वाले मोहित मेहता को 'बेस्ट बॉलर' की ट्रॉफी और सम्मान पत्र भेंट किया गया।
आयोजन समिति के श्री रूपेंद्र कुमार,श्री सुनील धीमान, श्री प्रवीण कुमार, श्री मनीष कुमार सिंह, श्री राहुल गर्ग और श्री विष्णु शर्मा ने टूर्नामेंट को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैदान पर अंपायर श्री नरेंद्र कुमार एवं श्री संदीप सैनी और स्कोरर श्री राहुल चौहान ने अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया।