मालनपुर में महा-सदस्यता अभियान का भव्य शुभारंभ
मालनपुर में महा-सदस्यता अभियान का भव्य शुभारंभ
उपायुक्त सहकारिता और बैंक अधिकारियों की उपस्थिति में किसानों को दी गई नई सौगात
जिले की 18 शाखाओं की 168 समितियों में किसान सदस्यता अभियान प्रारंभ
सहकारिता के माध्यम से किसानों को स्वावलंबी बनाने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के संकल्प के साथ जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित भिण्ड के महा-सदस्यता अभियान का भव्य शुभारंभ आज औद्योगिक क्षेत्र शाखा मालनपुर की संस्था गुरीखा में किया गया। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कृषकों ने सहभागिता की। वहीं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक भिण्ड की जिले की 18 शाखाओं की 168 समितियों में किसान सदस्यता अभियान प्रारंभ हो गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में अभियान का शुभारंभ
मालनपुर की गुरीखा समिति से अभियान का शुभारंभ उपायुक्त सहकारिता भिण्ड श्रीमती अनुभा सूद की विशेष उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम के दौरान किसानों को सहकारिता के महत्व और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर अंकेक्षण अधिकारी सहकारिता श्री जे.के. शर्मा, जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मेहुल पवार, प्रबंधक प्रशासन श्री राजवीर शर्मा, योजना एवं विकास प्रबंधक श्री राजेंद्र चौरसिया, मालनपुर शाखा प्रबंधक श्री दिलीप सिंह राणा, श्री नवनीत श्रीवास्तव और समिति प्रबंधक (गुरीखा) श्री अशोक सिंह तोमर, जनप्रतिनिधि के रूप में श्री गुड्डू सरपंच गुरीखा सहित बैंक स्टाफ और बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित रहे।
किसानों को मिलेंगे ये लाभ
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने किसानों को बताया कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य जिले के 25 हजार नए किसानों को समितियों से जोड़ना है। सदस्य बनने वाले किसानों को सुविधाएं मिलेंगी जिनमें 0 प्रतिशत ब्याज ऋण, खेती के लिए बिना किसी ब्याज के संस्थागत ऋण। बुवाई के समय उच्च गुणवत्ता वाले खाद, बीज और कीटनाशक की सीधी पहुंच। 3 लाख रुपये तक की ऋण सीमा का लाभ।
घर-घर संपर्क और पंजीयन प्रक्रिया
जिला सहकारी बैंक भिण्ड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मेहुल पवार ने बताया कि समितियों द्वारा घर-घर संपर्क (डोर-टू-डोर सर्वे) शुरू कर दिया गया है। मालनपुर क्षेत्र की समितियों को निर्देशित किया गया है कि वे 20 अप्रैल तक सघन जनसंपर्क सुनिश्चित करें। कोई भी पात्र किसान मात्र 600 रुपये (100 रुपये प्रवेश शुल्क और 500 रुपये अंशपूंजी) जमा कर समिति का स्थायी सदस्य बन सकता है। शुभारंभ के दौरान ही कई किसानों ने मौके पर सदस्यता के लिए उत्साह दिखाते हुए आवेदन प्रक्रिया शुरू की। क्षेत्र के गणमान्य कृषकों और उपस्थित अधिकारियों ने इस पहल को भिण्ड जिले के कृषि विकास और किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए एक स्वर्णिम अवसर करार दिया है।
यह रहेगी अभियान की रूपरेखा
अभियान को व्यवस्थित रूप से चलाने के लिए बैंक प्रबंधन ने टाइम-टेबल जारी किया है जिसमें 14 से 20 अप्रैल तक समितियों के मुख्यालय पर अभियान की शुरुआत और गैर-सदस्य किसानों की पहचान हेतु घर-घर संपर्क तथा 21 से 30 अप्रैल तक इच्छुक किसानों द्वारा सदस्यता के लिए आवेदन जमा करना। वहीं 01 से 05 मई तक बोर्ड या प्रशासक स्तर पर प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण एवं 06 से 15 मई तक नए सदस्यों को ऋण वितरण की वैधानिक तैयारी एवं प्रक्रिया पूर्ण करना।
मात्र 600 रुपये में ग्रहण करें सदस्यता
सीईओ श्री मेहुल पवार ने स्पष्ट किया कि सदस्यता की प्रक्रिया को बेहद सुलभ रखा गया है। पात्र किसान मात्र 600 रुपये (100 रुपये प्रवेश शुल्क एवं 500 रुपये अंशपूंजी) जमा कर समिति के सदस्य बन सकते हैं। इस प्रक्रिया के पूर्ण होने के बाद किसान सहकारी संस्थाओं की निर्णय प्रक्रिया का भी हिस्सा बन सकेंगे।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#डॉ_बाबासाहेब_आंबेडकर
#drbabasahebambedkar
Department Of Revenue, Madhya Pradesh
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
#भिण्ड
#Bhind