जल गंगा संवर्धन अभियान
जल गंगा संवर्धन अभियान
श्रमदान कर की पार्वती नदी घाट की साफ-सफाई
जन अभियान परिषद द्वारा जनभागीदारी से किए जा रहे हैं जल सहेजने के काम
ग्वालियर, 13 अप्रैल 2026/ ग्वालियर जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जनभागीदारी से जल संरक्षण व संवर्धन के कार्य कराए जा रहे हैं। जिले के विकासखण्ड भितरवार के विभिन्न ग्रामों में जन अभियान परिषद द्वारा अभियान के प्रति व्यापक जनजागरूकता के साथ कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को जन अभियान परिषद श्री नवांकुर संस्थाओं एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सहयोग से पार्वती नदी के घाट पर श्रमदान कर व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। साथ ही प्रस्फुटन समिति सांखनी एवं आदमपुर के ग्रामीणों द्वारा भी उत्साहपूर्वक श्रमदान कर जल संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाई गई।
जन अभियान परिषद द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत दीवार लेखन, नदी एवं घाटों की साफ-सफाई, तालाब एवं पोखरों का गहरीकरण व जीर्णोद्धार, जल संवाद चौपाल, जल मंदिर (प्याऊ) स्थापना, पक्षियों के लिए सकोरे रखना, भूमि सुपोषण तथा जल संरचनाओं के निर्माण हेतु श्रमदान जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
विकासखण्ड समन्वयक अधिकारी भितरवार श्री मनोज दुबे ने बताया कि अभियान के माध्यम से ग्रामीणों में जल के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और लोग स्वयं आगे आकर जल स्रोतों के संरक्षण में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि जल बचेगा तो जीवन बचेगा। इसलिये सभी लोग मिलजुलकर जल स्त्रोतों का संरक्षण करें।
सोमवार को अभियान के तहत हुए श्रमदान में सर्वश्री कुलदीप नामदेव, कोमल रावत, पालेंद्र राणा, लक्ष्मण प्रजापति, बलवीर रावत, बलविंदर सिंह रावत, हरी बाथम, सोबरन बघेल सहित अनेक ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता की।
#gwalior
#jalsamvardhanabhiyan
CM Madhya Pradesh