सामाजिक समरसता के लिए एकजुट होकर करेंगे कार्य - महापौर शारदा सोलंकी
सामाजिक समरसता के लिए एकजुट होकर करेंगे कार्य – महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी
डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में महापौर ने पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी ने मंगलवार को टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती सोलंकी ने बाबा साहेब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में डॉ. अम्बेडकर का योगदान अविस्मरणीय एवं अतुलनीय है। उन्होंने समतामूलक समाज की स्थापना हेतु भारतीय संविधान का निर्माण किया, जिसमें प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब जीवनभर वंचितों, पीड़ितों, शोषितों एवं उपेक्षित वर्गों के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए संघर्षरत रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि बाबा साहेब ने हमें समानता का अधिकार प्रदान किया और आज हम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सामाजिक समरसता के लिए मिलकर, संगठित प्रयास कर रहे हैं।
इस अवसर पर प्रभारी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुरैना श्री कमलेश कुमार भार्गव, समाजसेवी श्री कमलेश कुशवाह, जनपद अध्यक्ष मुरैना श्री मोहर सिंह कंषाना, अपर कलेक्टर श्री अश्विनी कुमार रावत, एसडीएम मुरैना श्री बी.एस. कुशवाह, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग श्री सौरभ राठौर, डीपीसी श्री हरीश तिवारी, श्री बी.आर. धनवाल, श्री जितेन्द्र बौद्ध सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रभारी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुरैना श्री कमलेश कुमार भार्गव ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब ने स्त्री शिक्षा, उनके नैसर्गिक अधिकारों के संरक्षण तथा सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए विशेष प्रयास किए। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को शपथ दिलाते हुए कहा कि हमें महापुरुषों के विचारों को आत्मसात कर उन्हें अपने जीवन में उतारना चाहिए।
कार्यक्रम में समाजसेवी श्री कमलेश कुशवाह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अंत में आभार प्रदर्शन डीपीसी श्री हरीश तिवारी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री संबल योजना के अंतर्गत विभिन्न हितग्राहियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। ग्राम देवी सिंह का पुरा निवासी श्रीमती सोनम पत्नी अंकुर प्रजापति को 4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई। इसी प्रकार श्रीमती भूरी पत्नी रामगोविंद, करूआ निवासी रजनी पत्नी सतीश, मनीषा पत्नी रामजीवन, ग्राम केंथरी निवासी सुनीता पत्नी भूरेलाल तथा ग्राम केंथोदा निवासी श्रीमती राजकुमारी पत्नी नरेश को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की गई। साथ ही हरिप्यारी एवं खिलोनी यादव को पेंशन स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena