logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मोहनगढ़ में धूमधाम से मनाई गई अम्बेडकर जयंती :-

- - - - एक मंच पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि - - -

- - - सामाजिक समरसता व एकता का दिया संदेश - -
मोहनगढ़(जैसलमेर) - कस्बे में मंगलवार को भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही उत्साह, श्रद्धा और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। स्थानीय अम्बेडकर पार्क में आयोजित भव्य समारोह में ग्रामीणों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की भारी भीड़ उमड़ी। डॉ अंबेडकर जयंती के अवसर पर राजनीति को बुलाकर सभी पार्टी के नेताओं ने सामाजिक एकता व समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद उपस्थित अतिथियों एवं वक्ताओं ने उनके जीवन संघर्ष, शिक्षा के प्रति समर्पण और भारतीय संविधान निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को विस्तार से याद किया। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने समाज के वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया और समानता, स्वतंत्रता व बंधुत्व का संदेश दिया। इस जयंती समारोह की सबसे खास बात राजनीतिक एकता का दृश्य रहा। मंच पर सत्तापक्ष और विपक्ष के नेता एक साथ नजर आए, जिससे सामाजिक समरसता और एकजुटता का संदेश गया। कार्यक्रम में जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव, उम्मेद सिंह तंवर, मूलाराम चौधरी, पूर्व सरपंच लक्ष्मण दास खत्री, राधे श्याम गांधी, रूपचंद सोनी, अंतर खां सांवरा, भैरसी राम हड्डा, चन्द्रवीर सिंह भाटी, आजम खां सांवरा, जोगराजसिंह राजपुरोहित, शिवदान सिंह, कौशिक सोलंकी, रेशमा राम लोहिया, नेहचल राम पंवार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अपने संबोधन में विधायक छोटू सिंह व पूर्व विधायक रूपा राम धनदेव, उम्मेद सिंह तंवर आदि वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हर व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आएं। अन्य वक्ताओं ने भी सामाजिक समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का विशेष सम्मान किया गया। कक्षा 10वीं और 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को डॉ. भीमराव अम्बेडकर की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। इस पहल से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखा गया। समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने, समाज में भाईचारा बढ़ाने और शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण जय भीम के नारों से गूंजता रहा और क्षेत्र में एकता व जागरूकता का संदेश प्रसारित हुआ।

1
89 views

Comment