म्योरपुर में धूमधाम से मनाई गई अंबेडकर जयंती
म्योरपुर संवाददाता (अहमद राजा )
म्योरपुर (सोनभद्र)। डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को क्षेत्र में उत्साह, उल्लास और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहेब को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
आश्रम मोड़ से म्योरपुर तक भव्य शोभा यात्रा और जुलूस निकाला गया, जिसमें बाबा साहेब के जीवन संघर्ष, सामाजिक योगदान और संविधान निर्माण में उनकी भूमिका को दर्शाती आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला—उन्होंने बाइक रैली निकालकर “जय भीम” के गगनभेदी नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया।
जुलूस के दौरान जगह-जगह स्वागत और जलपान की व्यवस्था की गई। विभिन्न गांवों में बाबा साहेब के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने पुष्प अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जिसमें बच्चों और युवाओं ने बाबा साहेब के जीवन पर आधारित प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। म्योरपुर थाना प्रभारी रविकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ जुलूस के साथ मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। जुलूस की अध्यक्षता विवेक वर्मा ने की।
इस मौके पर एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, रामविचार गौतम (बसपा पूर्व मंडल कॉर्डिनेटर),(संजय धुर्वे विधानसभा प्रभारी बसपा) (भीम आर्मी जिलाध्यक्ष भाई चारा कमेटी विवेक वर्मा) गोंडवाना प्रदेश सचिव जय मंगल उरेती, सपा जिला सचिव अमित कुमार, बाबू राम प्रजापति, मुखदेव, अत्रीलाल गौतम, विनय, रामसुभाग, लालबाबू, प्रेमचंद यादव, दीपक सिंह,मनोज कुमार, रामजीत भारती,अंकित कुमार भारती,मुo वकील विधानसभा उपाध्यक्ष बसपा), राजू गुप्ता, सहित सैकड़ों बहुजन समाज के युवा,महिला पुरुष शामिल रहे।