पलामू में बंद घरों में चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार
पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के पांच सदस्यों समेत एक सुनार को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की जानकारी डीएसपी राजेश कुमार यादव ने दी।
बताया गया कि 3 मार्च को मिथलेश कुमार मेहता के घर में हुई चोरी की घटना के अनुसंधान के दौरान पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली। शिकायत में कहा गया था कि बंद घर से सोना-चांदी के आभूषण और नगदी की चोरी हुई थी। घटना के बाद आरोपी फरार चल रहे थे।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छतरपुर थाना क्षेत्र के खाटीन गांव स्थित एक किराए के मकान में छापेमारी कर कुंदन कुमार मेहता और पंकज प्रसाद उर्फ पंकज गुप्ता को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की।
आरोपियों ने बताया कि गिरोह के सदस्य पहले बंद घरों की रेकी करते थे और मौका मिलने पर ताला, दीवार या अलमारी तोड़कर चोरी करते थे। वे संकरे रास्तों और छत के जरिए घर में प्रवेश करने में माहिर थे तथा चोरी के लिए विशेष लोहे के हथौड़े का इस्तेमाल करते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए आभूषणों को स्थानीय सुनार अनुरंजन सोनी को बेचा जाता था, जो साक्ष्य मिटाने के लिए उन्हें तुरंत गलवा देता था। पुलिस ने सुनार की निशानदेही पर कई आभूषण और चांदी के बर्तन बरामद किए हैं।
इसके अलावा पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त हथौड़ा, एक मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन और लेन-देन का हिसाब रखने वाला रजिस्टर भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह पड़वा, नौडीहा बाजार और पाटन थाना क्षेत्रों में कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।