पलामू में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विश्वनाथ ओझा को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
मेदिनीनगर में प्राइवेट हॉस्पिटल एसोसिएशन द्वारा एक शोक सभा का आयोजन कर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. विश्वनाथ ओझा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित चिकित्सकों और सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष तिवारी ने कहा कि डॉ. ओझा पलामू के जाने-माने और लोकप्रिय चिकित्सक थे, जिन्होंने लंबे समय तक चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए समाज की सेवा की। वे अपनी सरलता, अनुभव और मरीजों के प्रति समर्पण के लिए विशेष पहचान रखते थे। उन्होंने हजारों मरीजों का सफल इलाज कर उन्हें नया जीवन प्रदान किया।
उन्होंने आगे कहा कि डॉ. ओझा न केवल एक कुशल चिकित्सक थे, बल्कि एक संवेदनशील और मानवीय व्यक्तित्व के धनी भी थे। गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए वे हमेशा तत्पर रहते थे, जिसके कारण समाज के हर वर्ग में उनका गहरा सम्मान था। स्थानीय लोगों के बीच उनकी सटीक इलाज पद्धति और व्यवहार कुशलता की काफी सराहना होती थी।
शोक सभा में एसोसिएशन के सचिव मनीष सिंह, कोषाध्यक्ष आनंद कुमार, इस्लाम रज़ा, डॉ. चंदन, डॉ. अमित, डॉ. राहुल सहित आशी केयर अस्पताल के सभी कर्मचारी मौजूद रहे।
डॉ. विश्वनाथ ओझा के निधन को चिकित्सा जगत और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया।