logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पांकी के मंगलपुर में अनाथ युवक की संदिग्ध मौत, मोबाइल गायब, जांच में जुटी पुलिस

पांकी प्रखंड के मंगलपुर गांव में एक अनाथ युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान बिनोद कुमार साव उर्फ गुमानी कुमार (लगभग 33 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गांव-गांव घूमकर मोटरसाइकिल से सब्जी बेचने का काम करता था।

मिली जानकारी के अनुसार, युवक घर में अकेले रहता था। रविवार की सुबह जब वह काफी देर तक नहीं उठा, तो पड़ोस के एक युवक को संदेह हुआ। उसने जाकर उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने युवक को बेड पर मृत अवस्था में पाया।


घटना के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई कि युवक का मोबाइल फोन मौके से गायब था, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल पांकी थाना पुलिस को खबर दी।


मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की छानबीन की जा रही है।

इधर, घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। प्रखंड प्रमुख पंचम प्रसाद समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

0
0 views

Comment