*मैहर में आग का कहर! राजा सुपर मार्केट में भड़की भीषण आग, लाखों का सामान राख*
रिपोर्टर - इंजी. खेमचन्द कुशवाहा
मैहर। शहर के व्यस्त घंटाघर इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मंगलवार शाम करीब 6 बजे राजा सुपर मार्केट में अचानक भीषण आग भड़क उठी। पंजाबी गुरुद्वारे के पास स्थित इस दुकान से उठती तेज लपटों और धुएं ने कुछ ही पलों में पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते दुकान पूरी तरह जलती आग के हवाले हो गई और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए फायर ब्रिगेड को खबर दी। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब आधे घंटे तक कड़ी मशक्कत की और आखिरकार आग पर काबू पा लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी और एक बड़ा हादसा टल गया।
🔥 सब कुछ जलकर राख, मगर जानें सुरक्षित
इस भयावह आग में दुकान के अंदर रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग के दौरान इलाके में दहशत का माहौल रहा और लोग भयभीत नजर आए।