कोडरमा में नारी शक्ति का भव्य संगम, सशक्त भारत की ओर मजबूत कदम, नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब
कोडरमा में नारी शक्ति का भव्य संगम, सशक्त भारत की ओर मजबूत कदम
नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, कोडरमा से सशक्त भारत का संकल्प
कोडरमा/झुमरी तिलैया:
कोडरमा स्थित शिव वाटिका, झुमरी तिलैया में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में आयोजित भव्य नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह सांसद कोडरमा श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने भाग लेकर उपस्थित नारी शक्ति को संबोधित किया। इस अवसर पर कोडरमा विधायक श्रीमती नीरा यादव भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में कोडरमा के विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं महिला मंडलों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली, जिसने इसे ‘सर्व समाज’ का साझा मंच बना दिया। चेंबर ऑफ कॉमर्स, इनर व्हील क्लब, मारवाड़ी युवा मंच (प्रेरणा शाखा), रोटरी क्लब, सामंतों काली महिला मंडल, गायत्री शक्ति पीठ, जय सिया राम सत्संग समिति, पतंजलि योग समिति, माहुरी मंडल, मारवाड़ी महिला मंडल, ब्रह्म कुमारी महिला मंडल, मोदी समाज महिला मंडल एवं जैन महिला मंडल सहित अनेक संस्थाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
अपने संबोधन में श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं की सशक्त भागीदारी, उनका आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण में उनकी बढ़ती भूमिका नए भारत की पहचान बन चुकी है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए ऐतिहासिक प्रयास, विशेषकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम, देश को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर है, जिसने देशभर की मातृशक्ति को सम्मान और प्रतिनिधित्व का नया अवसर दिया है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने समाज, राजनीति और अर्थव्यवस्था में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, उनके नेतृत्व और भविष्य की संभावनाओं पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम में उपस्थित हजारों महिलाओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे इस अभियान का हिस्सा बनेंगी और सशक्त, आत्मनिर्भर एवं समावेशी भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगी। इस अवसर पर मंत्री ने महिलाओं से 9667173333 पर मिस्ड कॉल कर इस ऐतिहासिक पहल का समर्थन करने का आह्वान किया, जिस पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
इसके साथ ही, नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आयोजित हस्ताक्षर अभियान में भी व्यापक सहभागिता देखी गई, जिसमें उपस्थित महिलाओं ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन व्यक्त किया।
कार्यक्रम में “पंचायत से पार्लियामेंट तक, निर्णय में नारी, नव भारत की तैयारी” का संदेश प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया, जो महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता का सशक्त प्रतीक है।
यह भव्य आयोजन उत्साह, गरिमा और अभूतपूर्व जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ, जिसमें कोडरमा की मातृशक्ति ने एकजुट होकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम का स्वागत करते हुए देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संकल्प दोहराया।