शत-प्रतिशत नामांकन के लिए घर-घर पहुंचे बीएसए, अभिभावकों को किया जागरूक
शाहजहांपुर। स्कूल चलो अभियान के तहत जिले में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। विकास खंड भावलखेड़ा की ग्राम पंचायत सेहरामऊ दक्षिणी, रौरा और अल्हापुर में मंगलवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता ने शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ सघन जनसंपर्क अभियान चलाया।
अभियान के दौरान बीएसए ने स्वयं घर-घर जाकर अभिभावकों से संवाद किया और बच्चों का नामांकन नजदीकी परिषदीय विद्यालयों में कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अभिभावकों को बताया कि सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि बाल वाटिका से लेकर उच्च कक्षाओं तक निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में भी छात्राओं को बेहतर शिक्षा के साथ अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों को मुफ्त पाठ्यपुस्तकें, दो जोड़ी यूनिफॉर्म, स्वेटर, जूते-मोजे और बैग के लिए 1200 रुपये की धनराशि सीधे अभिभावकों के खातों में भेजी जा रही है।
बीएसए ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा आधुनिक शिक्षण विधियों से पढ़ाई कराई जा रही है। अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों का समय से विद्यालय में नामांकन कराएं, ताकि उनके भविष्य की मजबूत नींव रखी जा सके।
इस दौरान शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने ‘स्कूल चलो अभियान’ के नारे लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया। अभियान में ग्रामवासियों का उत्साह भी देखने को मिला और कई अभिभावकों ने अपने बच्चों का नामांकन कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक देवेश कुमार बाजपेई, जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता सतीश कनौजिया, ग्राम प्रधान कटोरी देवी, जिला स्काउट मास्टर दपिंदर कौर समेत विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।