सायला थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी रजिस्ट्री गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार
जालोर,(दलपतसिंह भायल) 14 अप्रैल। जिले के सायला थाना पुलिस ने डमी व्यक्ति को पेश कर फर्जी रजिस्ट्री करवाकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम (आरपीएस) के निर्देशन एवं वृताधिकारी गौतम जैन के सुपरविजन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सायला निवासी प्रार्थी विनोद कुमार जैन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसकी कृषि भूमि (सरहद आसाणा) को लेकर आरोपियों ने साजिश रचते हुए डमी व्यक्ति खड़ा किया। इसके बाद 13 मार्च 2026 को एग्रीमेंट तैयार कर 2 अप्रैल 2026 को उप पंजीयन कार्यालय सायला में फर्जी रजिस्ट्री करवा दी गई। इस धोखाधड़ी के जरिए करीब 5 करोड़ 41 लाख रुपये हड़प लिए गए।
इस संबंध में पुलिस थाना सायला में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान गठित पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गौतमचंद लुकड़ (40) निवासी सायला, सह आरोपी दौलतराम (42) निवासी सायला तथा विशालसिंह (51) निवासी अजीतपुरा हाल जोधपुर को 13 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेन्द्रसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि डीसीआरबी जालोर के कार्मिकों का भी विशेष सहयोग रहा।
— पुलिस नियंत्रण कक्ष, जालोर