logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन 15 अप्रैल से शुरू, किसानों को स्लॉट बुकिंग के साथ विक्रय की सुविधा

====
शहडोल 14 अप्रैल 2026- रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में गेहूं उपार्जन का कार्य 15 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 12 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जिस पर मध्यप्रदेश शासन द्वारा 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस प्रदान किया जा रहा है। इस प्रकार किसानों को कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा।
जिला आपूर्ति नियंत्रक श्री विपिन पटेल ने जानकारी दी है कि गेहूं उपार्जन केवल पंजीकृत किसानों से ही किया जाएगा। जिले में कुल 9526 किसानों ने गेहूं विक्रय हेतु पंजीयन कराया है, जिनमें से 13 अप्रैल 2026 तक 418 किसानों द्वारा स्लॉट बुकिंग की जा चुकी है।
उन्होंने किसानों से अपील की है कि जिनका गेहूं विक्रय हेतु तैयार हो चुका है, वे शीघ्र ही स्लॉट बुक कर निर्धारित तिथि पर अपने नजदीकी उपार्जन केंद्र में पहुंचकर गेहूं का विक्रय करें। किसानों की सुविधा के लिए शनिवार एवं रविवार को भी पूरे दिन स्लॉट बुकिंग एवं उपार्जन की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।
जिला आपूर्ति नियंत्रक ने यह भी आग्रह किया है कि किसान साफ-सुथरा, सूखा एवं अच्छी गुणवत्ता का गेहूं ही उपार्जन केंद्रों पर लाएं, जिससे उनका अनाज अमानक घोषित न हो और बिना किसी परेशानी के खरीदी प्रक्रिया पूरी हो सके।
किसानों से अनुरोध है कि वे निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए नजदीकी उपार्जन केंद्रों में गेहूं विक्रय कर शासन की इस सुविधा का लाभ उठाएं।

15
508 views

Comment