शहीद अग्निशामकों को नमन—गढ़वा में शुरू हुआ राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह, जागरूकता पर विशेष जोर
गढ़वा: भारत में प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक मनाए जाने वाले राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुरुआत गढ़वा में श्रद्धा और जागरूकता के साथ की गई। इस अवसर पर 1944 में मुंबई बंदरगाह पर आग बुझाने के दौरान शहीद हुए अग्निशामक कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जानकारी देते हुए अग्निशामालय प्रभारी मंटु सिंह ने बताया कि यह सप्ताह उन वीर अग्निशामकों की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने बताया कि उस समय एक जहाज, जिसमें रुई और विस्फोटक सामग्री भरी थी, में भीषण आग लग गई थी और उसे बुझाने के दौरान कई अग्निशामक शहीद हो गए थे।उन्होंने कहा कि इस सप्ताह का मुख्य उद्देश्य लोगों को आग से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक करना है, ताकि समय रहते सावधानी बरती जा सके और जान-माल की हानि से बचा जा सके। इसके तहत
विभिन्न स्थानों—जैसे शिक्षण संस्थान, अस्पताल, दुकानों, मॉल, पेट्रोल पंप एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों—पर मॉक ड्रिल, प्रशिक्षण एवं जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
इस अभियान के तहत लोगों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपाय, प्राथमिक सुरक्षा तकनीक और सतर्कता के बारे में जानकारी दी जाएगी, जिससे आपदा के समय सही निर्णय लिया जा सके।इस मौके पर अग्निशामालय प्रभारी मंटु सिंह के साथ प्रधान अग्नि चालक आलोक कुमार गौतम, विजय कुमार यादव, सुनील कुमार बेसरा एवं अग्नि चालक संतोष कुमार सोनी सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।