श्री अभिनव गोपाल, जी मुख्य विकास अधिकारी गाजियाबाद ने
बाबा साहेब को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
आज विकास भवन सभागार में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर विकास भवन के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
डॉ. भीमराव अंबेडकर जी का जीवन संघर्ष, शिक्षा एवं सामाजिक न्याय के प्रति अद्वितीय समर्पण का प्रतीक है। अत्यंत विपरीत परिस्थितियों में जन्म लेकर उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और उच्च शिक्षा के बल पर न केवल स्वयं को स्थापित किया, बल्कि समाज के वंचित एवं शोषित वर्गों के उत्थान के लिए आजीवन कार्य किया। भारतीय संविधान के शिल्पकार के रूप में उन्होंने समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांतों पर आधारित एक सशक्त राष्ट्र की नींव रखी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहेब के विचारों एवं उनके द्वारा स्थापित सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही यह संदेश दिया गया कि बाबा साहेब के आदर्श हमें समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए प्रेरित करते हैं।
विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक शत-प्रतिशत पहुंचाने हेतु अधिकारियों को संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए, जिससे समावेशी एवं न्यायपूर्ण समाज की स्थापना हो सके।