शराब के नशे में दो बाइक सवारों का कहर: अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवक गंभीर घायल
हुसैनगंज, फतेहपुर
शराब के नशे में दो बाइक सवारों का कहर: अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवक गंभीर घायल
हुसैनगंज थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसों के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार पहला हादसा डलमऊ रोड स्थित चौहान ढाबा के पास हुआ, जहां दीवान का पुरवा निवासी शिवचंद्र अपनी बाइक से नौगांव से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं दूसरा हादसा बाबूगंज गांव के पास अनुश्री मैरिज हॉल के समीप हुआ, जहां शिवपुर गांव निवासी अंकित की बाइक असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में अंकित को भी गंभीर चोटें आई हैं।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही हुसैनगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) हुसैनगंज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक हादसे के समय शराब के नशे में थे, जिससे उनकी बाइक पर नियंत्रण बिगड़ गया और हादसे हो गए। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, इससे हादसों की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।