नवटोलिया अग्निकांड: 13 परिवारों को मिली राहत, जनप्रतिनिधि ने बढ़ाया मदद का हाथ
निजी कोष से कपड़ा व खाद्य सामग्री वितरण
प्रखंड के राजाखड़वार पंचायत स्थित नवटोलिया में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवारों के बीच राहत पहुंचाने की पहल तेज हो गई है। इसी क्रम में जिला परिषद सदस्य लाल कुमार सिंह ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए 13 प्रभावित परिवारों के बीच अपने निजी कोष से कपड़ा एवं भोजन सामग्री का वितरण किया।राहत वितरण के दौरान उन्होंने पीड़ितों से मिलकर उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आगजनी की इस घटना में लोगों को भारी नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई किसी भी रूप में संभव नहीं है। ऐसे कठिन समय में समाज के हर वर्ग को आगे आकर पीड़ित परिवारों की मदद करनी चाहिए।उन्होंने प्रशासन से भी मांग की कि जल्द से जल्द सरकारी स्तर पर राहत एवं पुनर्वास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।इस अवसर पर संजीव गुप्ता,भागवत पासवान,सीताराम यादव,चंदन कुमार सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे और राहत कार्य में सहयोग किया।