अवैध निर्माण पर फूटा गुस्सा… बीजेपी पार्षद संजय यादव का निगम अफसरों पर सीधा हमला, बोले— कार्रवाई नहीं हुई तो भूख हड़ताल
बिलासपुर के लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में सोमवार को नगर निगम की सामान्य सभा हंगामेदार रही। अवैध निर्माण को संरक्षण देने के आरोपों के बीच एमआईसी मेंबर व भाजपा पार्षद संजय यादव ने निगम के भवन अधिकारी और अफसरों के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे जन आंदोलन के साथ भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
बिलासपुर। नगर निगम की सामान्य सभा का साधारण सम्मेलन इस बार अवैध निर्माण के मुद्दे पर तीखे टकराव का मंच बन गया। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के पार्षदों ने निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए, लेकिन सबसे ज्यादा आक्रामक तेवर एमआईसी मेंबर एवं भाजपा पार्षद संजय यादव के रहे।
“अवैध निर्माण को संरक्षण दे रहे अधिकारी” — संजय यादव
संजय यादव ने सदन में सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि जरहाभाठा मंदिर चौक के पास एक विवाह भवन और बांग्ला का निर्माण अवैध तरीके से किया जा रहा है। इस मामले की शिकायत पहले भी आम नागरिकों द्वारा की जा चुकी है, लेकिन निगम के भवन अधिकारी और संबंधित अफसरों ने कोई कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने कहा—
अवैध निर्माण के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गई है
आसपास के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है
कई बार शिकायत के बावजूद निगम प्रशासन मौन है
यादव ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह सीधा-सीधा संरक्षण का मामला है और यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे जन आंदोलन करेंगे।
भूख हड़ताल की चेतावनी
संजय यादव ने सदन में साफ कहा कि अब सिर्फ शिकायत से काम नहीं चलेगा।
उन्होंने चेतावनी दी—
“अगर जल्द अवैध निर्माण पर कार्रवाई नहीं हुई तो मैं भूख हड़ताल और बड़े जन आंदोलन के लिए मजबूर हो जाऊंगा।”
गोल बाजार का मुद्दा भी गरमाया
सदन में गोल बाजार क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण को लेकर भी जोरदार हंगामा हुआ। पार्षदों ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन चुनिंदा कार्रवाई कर रहा है और बड़े मामलों में चुप्पी साधे हुए है।
शहजादी कुरैशी का अतिक्रमण शाखा पर हमला
कांग्रेस की वरिष्ठ पार्षद शहजादी कुरैशी ने अतिक्रमण विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा—
छोटे व्यापारियों पर सख्ती की जा रही है
सब्जी-फल बेचने वालों का सामान तक जब्त किया जा रहा है
इससे गरीब परिवारों के सामने भूखे रहने की नौबत आ जाती है
उन्होंने आरोप लगाया कि अतिक्रमण टीम के अधिकारी-कर्मचारी गुंडागर्दी पर उतर आते हैं, जबकि बड़े अवैध निर्माण पर कार्रवाई नहीं होती।
सत्ता पक्ष ने भी जताई सहमति
हैरानी की बात यह रही कि शहजादी के आरोपों पर सत्ता पक्ष के कई पार्षदों ने भी सहमति जताई। उन्होंने मांग की कि—
दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई हो
गरीबों के खिलाफ हो रही सख्ती रोकी जाए
सभापति ने दिखाई सख्ती, सदन में बहस तेज
सभापति विनोद सोनी ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए नाराजगी जाहिर की।
इसी दौरान भाजपा की महापौर पूजा विधानी और शहजादी कुरैशी के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली, जिससे सदन का माहौल और गरमा गया।