बक्सर में ज्वेलर्स की सुरक्षा को लेकर SP और DM को सौंपा ज्ञापन, ‘आभूषण वर्ल्ड’ पत्रिका भी भेंट ।
बक्सर। जिले के सर्राफा व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक (SP) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बाजार क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और ज्वेलर्स को निशाना बनाए जाने की आशंकाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा आवश्यकतानुसार सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया कि प्रमुख सर्राफा बाजारों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी को मजबूत किया जाए तथा व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाए जाएं। इस दौरान अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विनोद वर्मा ने अपनी प्रतिष्ठित पत्रिका “आभूषण वर्ल्ड” की प्रति पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी (DM) महोदया को भेंट की। उन्होंने बताया कि यह पत्रिका ज्वेलरी उद्योग से जुड़े व्यापारियों, कारीगरों और बाजार की गतिविधियों को एक मंच प्रदान करती है तथा उद्योग के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम में स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष अशोक सराफ, महामंत्री विजय वर्मा, अनूप वर्मा, राम मनोहर लोहिया सहित कई गणमान्य सर्राफा व्यवसायी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि व्यापार की सुरक्षा सुनिश्चित होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे व्यवसायी निर्भीक होकर अपने कार्य का संचालन कर सकें।
अंत में प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक कदम उठाने की अपेक्षा जताई, ताकि बक्सर के सर्राफा बाजार में सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम रह सके।