logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

एंबुलेंस में गूंजी किलकारी, ईएमटी की सूझबूझ से सुरक्षित प्रसव

फतेहपुर संवाददाता।
जनपद में 102 एंबुलेंस सेवा की तत्परता एक बार फिर मिसाल बनी, जब रास्ते में ही एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। ब्लॉक तेलियानी क्षेत्र के बादलपुर गांव निवासी सोनम देवी (30) को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी पीड़ा अचानक तेज हो गई।
सोमवार दोपहर करीब तीन बजे परिजनों द्वारा बुलाई गई 102 एंबुलेंस महिला को अस्पताल लेकर जा रही थी। इसी दौरान तेलियानी ब्लॉक के पास महिला की स्थिति गंभीर होने लगी। स्थिति को भांपते हुए एंबुलेंस की ईएमटी आराधना देवी ने वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोककर तत्काल प्रसव कराने का निर्णय लिया।
ईएमटी आराधना देवी ने ऑनलाइन चिकित्सा परामर्श के लिए डॉ. रस्तोगी से संपर्क किया और परिजनों की मदद से एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव संपन्न कराया। कुछ ही देर में एंबुलेंस के भीतर नवजात की किलकारी गूंज उठी, जिससे परिजनों में खुशी का माहौल बन गया।
प्रसव के बाद ईएमटी आराधना देवी और एंबुलेंस पायलट मनोज कुमार ने जच्चा-बच्चा को कोराई स्थित नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षित भर्ती कराया। वहां पहुंचने पर सोनम देवी के पति रामप्रकाश तथा अस्पताल स्टाफ ने एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता और सेवा भावना की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
एम्बुलेंस संचालक संस्था ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के प्रोग्राम मैनेजर आशीष कुमार ने बताया कि 102 एंबुलेंस सेवा गर्भवती महिलाओं और दो वर्ष तक के बच्चों के लिए पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है। यह सेवा मरीज को घर से सरकारी अस्पताल तक पहुंचाने के साथ वापस घर छोड़ने की सुविधा भी देती है।
उन्होंने बताया कि आकस्मिक प्रसव की स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस में डिलीवरी किट उपलब्ध रहती है और स्टाफ को इसके लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने लोगों से प्रसव संबंधी मामलों में 102 सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। साथ ही बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस सेवा भी निःशुल्क सहायता प्रदान करती है।

10
864 views

Comment