कानपुर में साइबर ठगी/डिजिटल अरेस्ट गैंग का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार
कानपुर नगर: थाना बर्रा पुलिस ने साइबर ठगी और डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 13 अप्रैल 2026 को कमिश्नरेट पुलिस द्वारा प्रभावी ढंग से की गई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है, जिसमें 26 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 54 एटीएम कार्ड, 26 पासबुक, 1 चेकबुक और 30 सिम कार्ड शामिल हैं। यह गैंग प्रतिबंधित ऑनलाइन गेमिंग ऐप और फर्जी बैंक खातों के माध्यम से लोगों को लालच देकर ठगी करता था। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी फर्जी खातों के जरिए ठगी की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर कर उसे ठिकाने लगाते थे। पिछले तीन महीनों में इनके खातों में भारी लेन-देन पाया गया है। पुलिस ने लगभग 50 लाख रुपये की संदिग्ध धनराशि चिन्हित कर उसे फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना बर्रा में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस संबंध में पुलिस आयुक्त श्री रघुबीर लाल ने बताया कि साइबर अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और आम जनता को जागरूक रहने की आवश्यकता है।
✍️ रिपोर्ट - पंकज गुप्ता
📍 जिला - जालौन, (उरई) उत्तर प्रदेश