BJP नेता व अभिनेता Mithun Chakraborty का रोड शो, 'महागुरु' की एक झलक पाने को बेताब दिखे प्रशंसक
बांकुड़ा :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए सुपरस्टार और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती सोमवार को बांकुड़ा के इंदास पहुंचे। भाजपा प्रत्याशी निर्मल कुमार धारा के समर्थन में आयोजित इस मेगा रोड शो के लिए जैसे ही मिथुन चक्रवर्ती का हेलीकॉप्टर आकुई के अस्थायी हेलीपैड पर उतरा, उन्हें देखने के लिए हजारों प्रशंसकों का हुजूम उमड़ पड़ा। मिथुन चक्रवर्ती ने एक खुली गाड़ी में सवार होकर आकुई इलाके में जमकर जनसंपर्क किया और हाथ हिलाकर भीड़ का अभिवादन स्वीकार किया। अपने प्रिय अभिनेता और नेता को करीब से देखने के लिए चिलचिलाती धूप के बावजूद लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। हालांकि, अत्यधिक गर्मी और स्वास्थ्य कारणों से वे साहसपुर बाजार में वाहन से नीचे नहीं उतर सके, जिससे वहां मौजूद कुछ समर्थकों में निराशा भी दिखी। प्रत्याशी ने स्पष्ट किया कि बढ़ती उम्र और सेहत के कारण 'महागुरु' के लिए हर जगह उतरना संभव नहीं था।