मुंगेर में SI की पत्नी की संदिग्ध मौत,परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप,जांच तेज
मुंगेर: सफियाबाद थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी की गोली लगने से हुई मौत के मामले में अब नया मोड़ आ गया है।
शुरुआत में इसे आत्महत्या बताया जा रहा था, लेकिन मृतका के परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।घटना के बाद समस्तीपुर से पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल की शाम पति-पत्नी के बीच हल्का विवाद हुआ था, जो बाद में शांत हो गया।चंदन कुमार के मुताबिक, दोनों बाजार जाने की तैयारी में थे और इसी दौरान जब वह बाथरूम में थे, तभी मधु ने उनकी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मार ली।घायल अवस्था में उसे मुंगेर के इमरजेंसी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मुंगेर एसपी समेत वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।एफएसएल टीम ने मौके से सर्विस पिस्टल को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की वैज्ञानिक जांच की जा रही है।
इधर, मृतका के पिता रणजीत कुमार (निवासी बिथान,समस्तीपुर) ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी की हत्या की गई है।उन्होंने बताया कि मधु अपने भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और उसकी शादी 7 फरवरी 2025 को बड़े धूमधाम से चंदन कुमार से हुई थी।
परिजनों का आरोप है कि चंदन कुमार का एक महिला पुलिसकर्मी के साथ घनिष्ठ संबंध था, जिसे लेकर अक्सर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था।
मधु की मां पिंकी देवी और मौसी रेणु देवी ने भी कहा कि मधु मजबूत स्वभाव की थी और वह आत्महत्या नहीं कर सकती।उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है।
वहीं, पुलिस पूरे मामले को हर पहलू से जांच रही है।आत्महत्या या हत्या, इसका खुलासा अब जांच और एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।