शादी की खुशियां मातम में बदली: खरीदारी कर घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
//सिंग्रामपुर//
सिग्रामपुर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई है। अपनी ही शादी की तैयारियों में जुटे एक 24 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे विवाह की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सुनवराह निवासी सचिन (24 वर्ष), पिता प्यारेलाल, की आगामी 30 अप्रैल को शादी तय थी। घर में मंगल गीतों और उत्साह का माहौल था। रविवार शाम को सचिन अपनी शादी के लिए जरूरी सामान और कपड़ों की खरीदारी करने पास के ही सिंगपुर गया हुआ था।
मृतक के चाचा राजेश झारिया ने बताया कि, "सचिन रविवार शाम करीब 6:00 बजे अपनी शादी की तैयारी के संबंध में खरीदारी करने के लिए खुशी-खुशी घर से सिंगपुर गया हुआ था। वापस लौटते समय रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।"
सिंगपुर और सलैया के बीच मुख्य मार्ग पर एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने सचिन की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सचिन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने तत्काल '100 डायल' कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम
सूचना मिलते ही सिग्रामपुर चौकी प्रभारी गणेश दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। सोमवार सुबह पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम (PM) कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है