logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बैसाखी पर पीएयू की बड़ी सौगात: 50 नए ट्रैक्टर रवाना, रिसर्च स्टेशनों को मिलेगी आधुनिक मशीनरी

लुधियाना, 13 अप्रैल 2026: बैसाखी की पूर्व संध्या पर पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (पीएयू) ने किसानों के नाम एक बड़ी सौगात समर्पित की। कुलपति ने विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में 50 नए ट्रैक्टरों के काफिले को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न अनुसंधान केंद्रों और बीज फार्मों के लिए रवाना किया। कार्यक्रम में सभी अधिकारी, विभागाध्यक्ष और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

अपने संबोधन में कुलपति ने कहा कि पीएयू सिर्फ मुख्य परिसर का ही नहीं, बल्कि पूरे पंजाब में फैले अपने 18 कृषि विज्ञान केंद्रों, 11 अनुसंधान केंद्रों और 6 बीज फार्मों के बुनियादी ढांचे को लगातार अपग्रेड कर रहा है। उन्होंने बताया कि फरवरी और मार्च महीने में विश्वविद्यालय को तीन बड़े अनुदान मिले हैं। पंजाब सरकार से 10 करोड़ रुपये का विशेष पूंजीगत अनुदान, आरकेवीवाई योजना के तहत 10 करोड़ रुपये और भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग से 4.8 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई।

कुलपति ने खुशी जताई कि इन अनुदानों का बड़ा हिस्सा कृषि मशीनरी पर खर्च किया जा चुका है। इसके तहत 50 ट्रैक्टर, 4 सेल्फ प्रोपेल्ड बूम स्प्रेयर, 10 फर्टिलाइजर ब्रॉडकास्टर, 10 ट्रैक्टर माउंटेड बूम स्प्रेयर, 4 ऑर्चर्ड स्प्रेयर, 4 पैडी ट्रांसप्लांटर, 4 पैडी नर्सरी सीडर, 10 लेजर लैंड लेवलर, 9 ट्रैक्टर ट्रॉली, 6 डिस्क हैरो, 7 कल्टीवेटर, 31 पोटैटो डिगर, 3 पोटैटो प्लांटर, 2 पोटैटो ग्रेडर, 2 वेजिटेबल पैकिंग मशीन, 4 मल्टी क्रॉप प्लांटर, 6 स्मार्ट सीडर, 4 जीरो टिल ड्रिल, 14 प्लैंकर और 8 सुपर सीडर खरीदे गए हैं। साथ ही एक बस खरीदी गई है और दो और बसें जल्द खरीदी जाएंगी।

कुलपति ने कहा कि यह नई मशीनरी अनुसंधान केंद्रों को मजबूत करेगी। इससे जर्मप्लाज्म संरक्षण, नई किस्मों के विकास, उत्पादन व संरक्षण तकनीकों के अनुसंधान और उच्च गुणवत्ता वाले बीज व फलदार पौधों की नर्सरी तैयार करने में तेजी आएगी। इसका सीधा फायदा पंजाब के किसानों को मिलेगा और प्रदेश की कृषि उत्पादकता बढ़ेगी।

उन्होंने पंजाब सरकार और केंद्र सरकार का विशेष आभार जताया और अनुदानों के बेहतर उपयोग के लिए अनुसंधान निदेशक व बीज निदेशक की सराहना की। कुलपति ने कहा कि बैसाखी के पावन मौके पर पीएयू का यह कदम किसानों के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

0
64 views

Comment