logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जालौन: अंबेडकर जयंती को लेकर कोतवाली में शांति समिति की बैठक, नई परंपरा शुरू न करने के निर्देश

जालौन। आगामी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के मद्देनज़र कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जयंती के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना रहा।
बैठक में जानकारी दी गई कि कोतवाली क्षेत्र में कुल 23 स्थानों पर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमाएं स्थापित हैं, जहां हर वर्ष जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन स्थानों पर पूर्व से कार्यक्रम होते आ रहे हैं, वहीं कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, लेकिन कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी।
सीओ शैलेंद्र बाजपेई ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जयंती के सभी कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न कराए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति माहौल खराब करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भदवां निवासी प्रकाशचंद्र पांडे ने बताया कि उनके गांव में वर्ष 1995 से लगातार जुलूस निकाला जाता है और प्रशासन से सहयोग की अपील की। इस पर अधिकारियों ने पूछा कि क्या इसके लिए पूर्व में अनुमति ली गई थी, जिस पर उन्होंने इंकार किया।
वहीं शहजादपुरा निवासी सुरजीत दोहरे ने गांव में कुछ अराजक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की आशंका जताई। इस पर सीओ ने भरोसा दिलाया कि इस बार किसी भी तरह का उत्पात नहीं होने दिया जाएगा।
एसडीएम हेमंत पटेल ने सभी से जयंती को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की।
इस दौरान कोतवाली प्रभारी हरिशंकर चंद्र, एसएसआई संजय यति, चौकी प्रभारी मनीष तिवारी, महिला चौकी प्रभारी मधु देवी, एसआई निसार अहमद, राजेश वशिष्ठ सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

0
175 views

Comment