संचारी रोग नियंत्रण को लेकर सख्त हुए डीएम, स्वच्छता व जागरूकता पर विशेष जोर
मीरजापुर ( पंडरी /पहाड़ी ) :- जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित संचारी रोग एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों को तालाबों, नालियों और जलभराव वाले स्थानों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखना अत्यंत आवश्यक है, जिससे मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके और संक्रामक बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सके।
पशुपालन विभाग को निर्देशित करते हुए डीएम ने 15 जून तक शत-प्रतिशत पशु टीकाकरण अभियान पूर्ण करने को कहा। साथ ही पशुपालकों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी बल दिया, ताकि पशुओं से फैलने वाली बीमारियों को समय रहते रोका जा सके।
शिक्षा विभाग को निर्देश दिया गया कि विद्यालयों में बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने की आदत विकसित कराई जाए और उन्हें संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाए। इसके अतिरिक्त, आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।