आरकाट में बैटरी विस्फोट से हादसा, आइसक्रीम फैक्टरी में आग से पति-पत्नी की मौत
बेंगलुरू/रानीपेट (दलपतसिंह भायल) तमिलनाडु के आरकाट क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में आइसक्रीम फैक्टरी में बैटरी विस्फोट के कारण लगी भीषण आग में पति-पत्नी की मौत हो गई। मृतक दंपति मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पेरूलाल (50), उनकी पत्नी सुंदर देवी (45) और बेटा सोनू (17) पिछले कई वर्षों से रानीपेट जिले के आरकाट में ठेले पर कुल्फी बेचकर जीविकोपार्जन कर रहे थे। करीब तीन माह पूर्व उन्होंने आरकाट के देवी नगर में एक दुकान किराए पर लेकर आइसक्रीम बनाने और बेचने का काम शुरू किया था। दंपति पास ही एक किराए के मकान में रहते थे।
रविवार सुबह रोजाना की तरह पति-पत्नी सुबह करीब 5 बजे फैक्टरी पहुंचे और बाहर का शटर बंद कर आइसक्रीम बनाने का काम शुरू किया। सुबह लगभग 8 बजे अचानक फैक्टरी के अंदर जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई।
धमाके की आवाज सुनकर उनका बेटा सोनू मौके पर पहुंचा और शटर खोलकर अंदर फंसे माता-पिता को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भीषणता के कारण वह अंदर नहीं जा सका। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गंभीर रूप से झुलसे पेरूलाल और सुंदर देवी को तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आग में आइसक्रीम फैक्टरी के साथ-साथ फर्नीचर सहित सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।