logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बेंगलुरु में युवक-युवती परिचय संगम 2026 को लेकर कार्यकारिणी बैठक आयोजित

बेंगलुरु(दलपतसिंह भायल) श्री ब्रह्म क्षत्रिय मारवाड़ी खत्री एसोसिएशन, बेंगलुरु द्वारा आयोजित होने वाले युवक-युवती परिचय संगम 2026 को सफल बनाने के उद्देश्य से रविवार, 12 अप्रैल 2026 को श्री ब्रह्म क्षत्रिय समाज भवन, बेंगलुरु में कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक एवं विचार-विमर्श शिविर आयोजित किया गया।
बैठक में अध्यक्ष लेखराज छूँछा ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सगाई एवं वैवाहिक संबंधों में काफी कठिनाइयाँ सामने आ रही हैं। यदि समय रहते समाज ने इस दिशा में संगठित प्रयास नहीं किए, तो आने वाले समय में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है। उन्होंने समाज की मातृ शक्ति से विशेष आग्रह किया कि कर्नाटक भर में जिन परिवारों में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की विवाह योग्य युवतियाँ हैं, वे परिचय संगम 2026 में अनिवार्य रूप से पंजीकरण करवाएं।
उन्होंने बताया कि परिचय संगम एक ऐसा मंच है, जहां एक ही स्थान पर उपयुक्त रिश्तों की तलाश करना आसान हो जाता है। इस कार्य को सफल बनाने के लिए बेंगलुरु महिला मंडल को घर-घर जाकर परिवारों से संपर्क कर पंजीकरण करवाने की जिम्मेदारी सौंपी गई, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया।
महिला मंडल की उपाध्यक्ष नर्बदा धर्मपत्नी खेतराम छूँछा सहित उपस्थित सदस्यों ने भरोसा दिलाया कि शीघ्र ही घर-घर अभियान चलाकर अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित किए जाएंगे। बैठक में “बेटी पढ़ाओ-बहू पढ़ाओ” के संदेश पर भी विशेष जोर दिया गया, जिसमें कहा गया कि जैसे बेटी को शिक्षा दी जाती है, वैसे ही बहू को भी समान अवसर मिलने चाहिए, क्योंकि वह भी परिवार का अभिन्न हिस्सा है।
नवयुवक परिषद के अध्यक्ष जतिन कुमार छूँछा ने कहा कि परिषद के सभी पदाधिकारी और सदस्य आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि परिचय संगम के बाद पंजीकृत युवक-युवतियों की डायरेक्टरी का पीडीएफ समाज के सभी बंधुओं तक पहुंचाया जाए, जिससे अधिक लोगों को लाभ मिल सके।
इस अवसर पर महामंत्री सुरेशकुमार छूँछा, सहकोषाध्यक्ष दलीचंद वारडे, महिला मंडल कोषाध्यक्ष रमीला वारडे, सुखीदेवी मान्धु, भूतपूर्व उपाध्यक्ष रायचंद वारडे, भूतपूर्व महामंत्री एवं वर्तमान उपमंत्री जगदीश किरी सहित समाज के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही भरतकुमार छूँछा एवं किशोर कुमार गिराछ सहित अनेक समाजबंधुओं ने अपनी सहभागिता निभाई।

4
145 views

Comment