*बैसाखी पर्व पर महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल में पोस्टर मेकिंग एक्टिविटी का आयोजन*
मनोज शर्मा,चंडीगढ़। महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल, एमडीएवी भवन, दरिया के विद्यार्थियों ने बैसाखी पर्व के उपलक्ष्य में एक आकर्षक और रचनात्मक पोस्टर बनाओ एक्टिविटी का आयोजन किया। इस प्रतियोगिता में छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से बैसाखी पर्व के महत्व, परंपराओं और सांस्कृतिक रंगों को खूबसूरती से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी रचनात्मक क्षमताओं को प्रोत्साहित करना था। विभिन्न कक्षाओं के छात्रों ने रंग-बिरंगे पोस्टरों के जरिए फसल कटाई के इस पावन पर्व की झलक पेश की, जिसमें उत्सव, समृद्धि और खुशी का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। स्कूल की वाइस प्रिंसिपल डॉ. अंजू मोदगिल ने इस अवसर पर छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में न केवल रचनात्मकता बढ़ती है, बल्कि वे अपनी संस्कृति और परंपराओं के साथ भी जुड़ते हैं।