logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

कुंभलगढ़ में बाल विवाह रोकथाम को लेकर खंड स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित

कुंभलगढ़ में बाल विवाह रोकथाम को लेकर खंड स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित

राजसमंद जिले के कुंभलगढ़ में बाल विवाह रोकथाम को लेकर बड़ा कदम उठाया गया। विकल्प संस्थान और उपखंड कार्यालय कुंभलगढ़ के संयुक्त तत्वाधान में “बाल विवाह रोकथाम अभियान” के तहत खंड स्तरीय समन्वय बैठक का आयोजन महाराणा प्रताप सभागार, पंचायत समिति में किया गया।
बैठक में कुंभलगढ़ और गढ़बोर ब्लॉक के प्रिंसिपल, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, साथिन, पंचायत सचिव और पटवारी सहित करीब 150 अधिकारियों ने भाग लिया।
विकल्प संस्थान की निदेशक सुश्री उषा चौधरी ने बाल विवाह कानून की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी उपस्थित लोगों को बाल विवाह नहीं करने, इसमें शामिल नहीं होने और कम से कम 10 लोगों को जागरूक करने की शपथ दिलवाई।
उपखंड अधिकारी सुश्री साक्षी पुरी ने कहा कि कुंभलगढ़ ब्लॉक में बाल विवाह पूरी तरह से रोकना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अपील की कि बाल विवाह की सूचना मिलते ही तुरंत प्रशासन को सूचित करें ताकि समय पर कार्रवाई कर इसे रोका जा सके।
पंचायत समिति कुंभलगढ़ के विकास अधिकारी मांगीलाल ने सभी पंचायत सचिवों, पटवारियों और सरपंचों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित कर ग्रामीणों को बाल विवाह नहीं करने की शपथ दिलवाएं।
अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शंकर लाल नागदा ने स्कूल प्रिंसिपलों को निर्देशित किया कि वे विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें और अभिभावकों को भी इस अभियान से जोड़ें।
चारभुजा थाने के एएसआई भंवर सिंह ने भरोसा दिलाया कि बाल विवाह की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी और सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
ब्लॉक के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीराम ने कहा कि बाल विवाह रोकना सामूहिक जिम्मेदारी है और सभी विभाग मिलकर काम करेंगे तो इस कुप्रथा पर रोक संभव है।
विकल्प संस्थान द्वारा आगामी 15 दिनों तक गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत नुक्कड़ नाटक, पंचायत संवाद, अभिभावक बैठक, रैली, स्कूल जागरूकता कार्यक्रम, नारा लेखन और पर्चा वितरण जैसे आयोजन किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन विकल्प संस्थान की सुश्री चंद्रा दरोगा ने किया। बैठक में अंबा सिंह, डालू सिंह, रेखा खटीक, वर्षा जोशी, शांता आमेटा और जितेंद्र वीरवाल सहित कई लोग मौजूद रहे।

0
0 views

Comment