पीएम दौरे से पहले किसानों की चेतावनी: मांगें न मानी गईं तो काली पट्टी बांधकर होगा विरोध
📍 बुग्गावाला (हरिद्वार)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले किसानों ने अपनी मांगों को लेकर सख्त रुख अपना लिया है। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान ने प्रेस वार्ता के दौरान चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो किसान काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध करेंगे।
उन्होंने बताया कि किसान संगठन की ओर से प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की गई है। इससे पहले भी देहरादून प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर किसानों की समस्याओं को उठाया गया था और मुख्यमंत्री को भी पत्र भेजा गया, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई।
भूपेंद्र सिंह चौहान ने हरिद्वार जिले की भगवानपुर तहसील के ग्राम बुधवार शहीद का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नदी में जलस्तर बढ़ने से किसानों की सैकड़ों बीघा भूमि का कटाव हो रहा है। इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग सरकार से की गई है।
इसके अलावा किसानों ने कई अन्य मांगें भी रखीं, जिनमें:
किसानों का कर्ज माफ किया जाए
निजी खेतों से मिट्टी उठाने और भूमि समतलीकरण पर रोक न लगे
किसानों के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में निःशुल्क शिक्षा मिले
निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा मिले
किसान नेताओं ने बताया कि इन सभी मांगों को लेकर 14 अप्रैल को बिहारीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
प्रेस वार्ता में संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें अंकित कुमार, अंकित राणा, शौकीन अली, कुलदीप सिंह, शाहिद अली, मेहताब अली सहित अन्य लोग शामिल थे।