*मैहर सिविल अस्पताल बदहाल: पलंग खाली फिर भी मरीज फर्श पर, महिलाओं को बाहर से मंगानी पड़ रही जांच सामग्री, चोरियों से दहशत*
*व्यवस्थाएं चरमराई, मरीजों की परेशानी बढ़ी, जिम्मेदारों पर उठे सवाल*
मैहर । जिले के सिविल अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं ने एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है। अस्पताल में हालात इतने खराब हैं कि वार्ड में पलंग खाली होने के बावजूद मरीजों को फर्श पर लेटाकर इलाज किया जा रहा है। इससे मरीजों और उनके परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। इतना ही नहीं, महिला मरीजों को भी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में आवश्यक जांच सामग्री उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर उन्हें बाहर से सामान मंगाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है और समय पर इलाज भी प्रभावित हो रहा है। अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह से ध्वस्त नजर आ रही है। परिसर में लगातार हो रही चोरियों पर किसी भी प्रकार का अंकुश नहीं लग पा रहा है। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि आए दिन सामान चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अस्पताल प्रबंधन मूकदर्शक बना हुआ है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में न तो साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था है और न ही स्टाफ का व्यवहार संतोषजनक है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं। अब सवाल यह उठता है कि आखिर कब तक मरीज इस बदहाली का शिकार होते रहेंगे? नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि सिविल अस्पताल की व्यवस्थाओं की तत्काल उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।