ई-केवाईसी अभियान के बीच सीएससी संचालकों की बढ़ी मुश्किलें, 5 माह से भुगतान लंबित, संसाधनों की कमी और सर्वर समस्या से कार्य प्रभावित
प्रदेश में चल रहे ई-केवाईसी अभियान के बीच कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालकों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। छत्तीसगढ़ चॉइस सेंटर सर्विस ओनर्स एसोसिएशन के अनुसार, लगभग पांच माह पूर्व किए गए ई-केवाईसी कार्य का भुगतान अब तक लंबित है, जबकि बिना भुगतान के ही पुनः प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
संचालकों का कहना है कि उन्हें अपने निजी खर्च से लैपटॉप, इंटरनेट और बायोमेट्रिक उपकरणों की व्यवस्था करनी पड़ रही है। इसके साथ ही सर्वर की बार-बार समस्या और तकनीकी खामियों के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है। निर्धारित समय-सीमा का दबाव भी लगातार बना हुआ है।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो योजनाओं के क्रियान्वयन पर असर पड़ सकता है।
🖊️ संवाददाता | रायपुर