logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पत्नी की हत्या मामले में फरार आरोपी पति गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Palamu -चर्चित पत्नी हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मनातू थाना कांड संख्या 48/2023 में फरार चल रहे आरोपी पति कामेश्वर सिंह (30 वर्ष), निवासी बेलवाटांड गांव, को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अवर निरीक्षक सुरेंद्र उरांव के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कुंदा थाना क्षेत्र के ग्राम कुटिल में छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे अदालत में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


यह मामला अक्टूबर 2023 का है, जब रामस्वरूप सिंह ने मनातू थाना में आवेदन देकर अपनी बहन चिंता देवी (30 वर्ष) की हत्या का आरोप उसके पति कामेश्वर सिंह और उसकी दूसरी पत्नी सरस्वती देवी पर लगाया था। आरोप के अनुसार, 10 अक्टूबर 2023 की रात दोनों ने मिलकर चिंता देवी की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को फांसी पर लटका कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।


वादी ने यह भी बताया था कि आरोपी पति अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था और दूसरी शादी के बाद पारिवारिक विवाद और बढ़ गया था। घटना की जानकारी अगले दिन सुबह परिजनों को मिली, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

मामले की जांच में मृतका की 12 वर्षीय पुत्री संगीता कुमारी का बयान अहम साबित हुआ, जिसमें उसने पुलिस को बताया कि उसके पिता और सौतेली मां ने मिलकर उसकी मां की हत्या की थी।

पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है तथा अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

0
0 views

Comment