समीक्षा अधिकारी बनीं आकांक्षा चौरसिया का आज भव्य स्वागत समारोह
वाराणसी :- जनपद की होनहार बेटी आकांक्षा चौरसिया ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण कर समीक्षा अधिकारी (Review Officer) पद हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिजनों, रिश्तेदारों एवं दादा स्वर्गीय लालजी प्रसाद एवं दादी श्रीमती कमला देवी और क्षेत्रवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
आकांक्षा चौरसिया, जंसा थाना क्षेत्र के देईपुर गांव की निवासी हैं। वह दुर्गा प्रसाद चौरसिया एवं सीता चौरसिया की सुपुत्री हैं एवं उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा हाईस्कूल तक अर्जुन प्रसाद मेमोरियल स्कूल, मिर्जामुराद से तथा इंटरमीडिएट सेंट जांस स्कूल, भट्टी लोहता से प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने राजा बलवंत सिंह कॉलेज, ज्ञानपुर से बी.एससी. में गोल्ड मेडल हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आकांक्षा ने वर्ष 2023 में प्रयागराज में रहकर पहली बार इस परीक्षा में प्रयास किया था। कठिन परिश्रम, निरंतर प्रयास और अटूट समर्पण के बल पर उन्होंने वर्ष 2026 में यह सफलता हासिल की, जो आज युवाओं के लिए एक प्रेरणा स्रोत बन चुकी है।
उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर चाचा संजय चौरसिया ने बताया कि परिवार की ओर से उनके गृह आगमन पर एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, रिश्तेदार एवं शुभचिंतक बड़ी संख्या में शामिल रहें।
आयोजक उनके चाचा श्री राजकुमार चौरसिया जी ने बताया कि आकांक्षा की यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य के प्रति सच्ची लगन और मेहनत हो, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
आकांक्षा चौरसिया की यह सफलता पूरे वाराणसी जनपद के लिए गर्व का विषय है और आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने की नई दिशा प्रदान करती है।