सतौन की अनदेखी पर फूटा जनाक्रोश, सड़कों, पुल और उप-तहसील बहाली को लेकर जोरदार प्रदर्शन
सिरमौर । सतौन क्षेत्र की लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं को लेकर आज क्षेत्रवासियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। स्थानीय लोगों ने सतौन में एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि सतौन क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे आमजन को रोजमर्रा की जिंदगी में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और तेज व उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रवासियों ने प्रशासन के समक्ष अपनी तीन प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने सतौन से रेणुका जी तक सड़क मार्ग के शीघ्र पक्कीकरण, सतौन पुल की तत्काल मरम्मत, तथा सतौन उप-तहसील को पुनः संचालित करने की मांग को प्रमुखता से उठाया।
धरना स्थल पर उपस्थित जनसमूह ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि अब और अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जल्द से जल्द उनकी मांगों को पूरा किया जाए।
इस मौके पर सतौन पंचायत के पूर्व प्रधान रजनीश चौहान, पूर्व बीडीसी वाइस चेयरमैन कुलदीप शर्मा, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष सतीश शर्मा, सुरेंद्र चौहान, अधिवक्ता दिनेश सिंह चौहान, परशुराम सेवा समिति सतौन के अध्यक्ष तरुण शर्मा, समाजसेवी विजेंद्र तोमर, मनोज पुंडीर, गोपाल ठाकुर, हरिचंद शर्मा, सुखदेव तोमर, राजेंद्र शर्मा, हिरदाराम पुंडीर, कमलेश सिंह, रोहित, प्रवीण, मनीष चौहान सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।