17 लाख की लागत से बने सम्पर्क मार्ग का लोकार्पण, संगड़ाह को मिली नई कनेक्टिविटी — विधायक विनय कुमार
सिरमौर। रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति देते हुए विधायक विनय कुमार ने आज संगड़ाह के समीप जवगाधार से जलशक्ति विभाग के पम्प हाउस तक 17 लाख रुपये की लागत से निर्मित सम्पर्क मार्ग का विधिवत लोकार्पण किया। इस मार्ग के बनने से क्षेत्र के लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र संगड़ाह तक पहुँचने के लिए एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो गया है, जिससे स्थानीय जनता को काफी सुविधा मिलेगी।
लोकार्पण के उपरांत विधायक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र संगड़ाह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों का हालचाल जाना और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके बाद नवगठित नगर पंचायत संगड़ाह के गठन पर आयोजित धन्यवाद एवं स्वागत समारोह की अध्यक्षता करते हुए विधायक ने क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार की कर्मभूमि तथा डॉ. प्रेम सिंह की जन्मभूमि रही है, जिनके योगदान से यह क्षेत्र निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा किए गए विकास कार्यों को भी याद किया।
विधायक विनय कुमार ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास है। उन्होंने बताया कि संगड़ाह को नगर पंचायत का दर्जा मिलने से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। भविष्य में ददाहु और नोहराधार ग्राम पंचायतों को भी नगर पंचायत बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने लोगों से अपील की कि नवगठित नगर पंचायत संगड़ाह के आगामी चुनावों में आपसी सहमति से योग्य और सक्षम प्रतिनिधियों को आगे लाएं। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए 155 ट्रांसफार्मर स्थापित करने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के दौरान हाल ही में सेवानिवृत्त उपनिदेशक कृषि राज कुमार ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार और जिला अध्यक्ष आनंद परमार ने उन्हें फूलमालाएं पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।
इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद परमार, मित्र सिंह तोमर, ओम प्रकाश ठाकुर, रणधीर पवार, यशपाल चौहान, एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कक्कड़ सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।