दयालगंज में अनूठी श्रद्धांजलि सभा: मृत्यु भोज का बहिष्कार,
दयालगंज, 12 नवंबर 2026 (संवाददाता):डेहरी
दयालगंज में शिक्षाविद् श्री रामाधार सिंह (इंद्रहिया, डालमियानगर एस ब्लॉक निवासी) की धर्मपत्नी स्वर्गीय सम्राजो देवी की श्रद्धांजलि सभा सादगी और सामाजिक जागरूकता के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर परंपरागत मृत्यु भोज का पूर्णतः बहिष्कार करते हुए केवल पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
सभा में उपस्थित रिश्तेदारों, संबंधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक सकारात्मक दिशा बताया। वहीं पूर्व सैनिक कल्याण संघ के अध्यक्ष आरके सिंह ने कहा कि मृत्यु भोज जैसी प्रथा आर्थिक और सामाजिक रूप से बोझिल होने के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं के विपरीत है, इसलिए इसे समाप्त करना समय की मांग है।
कार्यक्रम के दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी सादगीपूर्ण श्रद्धांजलि की परंपरा को अपनाया जाएगा और समाज में इस संदेश का प्रसार किया जाएगा।
सभा में यह भी कहा गया कि सच्ची श्रद्धांजलि दिखावे में नहीं, बल्कि जीते-जी व्यक्ति के प्रति सेवा, सम्मान और परोपकार में निहित है। यही मानव धर्म का वास्तविक स्वरूप है।
— संवाददाता