भीषण हादसा: सावित्री राइस मिल में लगी आग, एक मजदूर 90% झुलसा, रायपुर रेफर
रायगढ़। जिले के सहदेव पाली स्थित सावित्री राइस मिल में आज एक बड़ा हादसा हो गया। मिल में काम करने के दौरान अचानक लगी आग की चपेट में आने से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इनमें से एक की हालत अत्यंत नाजुक बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है।
मशीन के पास काम करते वक्त हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, जूटमिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सहदेव पाली स्थित सावित्री राइस मिल में रोज की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी। वहां काम कर रहे दो मजदूर इसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे मजदूरों को संभलने का मौका नहीं मिला।
90 प्रतिशत तक झुलसा युवक
घटना के तुरंत बाद घायल मजदूरों को रायगढ़ के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, एक मजदूर का शरीर 90 प्रतिशत तक जल चुका है। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल रायपुर रेफर करने की सलाह दी। दूसरे घायल मजदूर का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही जूटमिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मिल में आग किन कारणों से लगी और क्या वहां सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था। मिल प्रबंधन से भी इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।
इस हादसे के बाद से मिल में काम करने वाले अन्य मजदूरों और परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है।